राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ब्रेल एवं ऑडियो पुस्तकों का किया विमोचन

27012026_01

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लोकभवन में छत्तीसगढ़ की वीर तथा दिव्यांग महिलाओं की सफलता की कहानियों पर आधारित दो ब्रेल पुस्तकों और 3000 से अधिक कंटेंट को संकलित कर तैयार की गई ऑडियो बुक्स का विमोचन किया। यह पहल दिव्यांगजनों को ज्ञान और प्रेरणा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विमोचन कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने ऑडियो बुक्स के निर्माण में योगदान देने वाले राज्य के विभिन्न जिलों के शिक्षकों को सम्मानित भी किया। उन्होंने शिक्षकों के इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

ब्रेल वर्जन को बताया सराहनीय प्रयास

इस अवसर पर श्री डेका ने कहा कि इन पुस्तकों का ब्रेल वर्जन तैयार किया जाना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने इसके लिए सभी संबंधित लोगों को बधाई दी और कहा कि हमारे समाज में ऐसी अनेक गुमनाम हस्तियां हैं जिन्होंने समाज के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं, जिन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिव्यांगता एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समाज में सभी वर्गों के सामने अलग-अलग प्रकार की चुनौतियाँ होती हैं, लेकिन दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और देश व समाज के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।

दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं पर जोर

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सार्वजनिक स्थलों और अस्पतालों में आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिनमें रैम्प निर्माण जैसी मूलभूत व्यवस्थाएँ शामिल हैं। इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

ऑडियो बुक्स के व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील

ऑडियो बुक्स की सराहना करते हुए राज्यपाल ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसका लाभ प्रदेश के बाहर के दिव्यांगजन भी उठा सकें, इसके लिए इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर कई गणमान्य शिक्षक उपस्थित थे, जिनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कृत सुश्री के. शारदा, श्रीमती प्रीति शांडिल्य और अन्य शिक्षक शामिल थे।