मुख्यमंत्री साय ने 8 नए साइबर थानों और पुलिस भवनों का किया लोकार्पण

Feature-image-GKChhattisgarh-1

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 8 नए साइबर पुलिस थानों तथा ₹255 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों और थाना भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों एवं पुलिस के जवानों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन पुलिस विभाग के लिए अत्यंत सौभाग्यशाली है, क्योंकि आज ₹255 करोड़ के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने प्रेजेंटेशन के माध्यम से साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवनों की संरचना और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की, जो अत्यंत सुंदर, आधुनिक एवं सुविधाजनक बनाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए संबंधित एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। इससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का सतत प्रयास है कि पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर आवासीय और कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे प्रदेश में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। मुख्यमंत्री ने इसे एक अच्छी शुरुआत बताते हुए कहा कि इससे सुदूर अंचलों तक भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि प्रदेश में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर साइबर पुलिस थानों की स्थापना की जा रही है। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव जिलों सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व प्रदेश के पांच जिलों में साइबर थाने पहले से संचालित हैं तथा भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने स्थापित किए जाएंगे।

गृह मंत्री श्री शर्मा ने यह भी बताया कि इसके साथ-साथ चार जिलों में भारत वाहिनी के कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी एवं आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया है। उन्होंने ₹255 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए इन निर्माण कार्यों एवं 8 नए साइबर थानों की स्वीकृति और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।