मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस के रजत जयंती पदक का किया अनावरण

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का औपचारिक रूप से विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की थी। इस घोषणा पर त्वरित अमल करते हुए आज इस विशेष पदक का अनावरण किया गया।

25 वर्षों की सेवा, साहस और बलिदान को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय दिया है। इस दौरान पुलिस बल ने अनेक बार सर्वोच्च बलिदान देकर राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि यह रजत जयंती पदक पुलिस कर्मियों के समर्पण और त्याग को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।

छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक पदक

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पदक छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपराओं की पहचान को आत्मसात करता है। पदक का स्वरूप और प्रतीकात्मक तत्व राज्य की सांस्कृतिक विरासत से गहराई से जुड़े हुए हैं।

पदक की प्रमुख विशेषताएँ इस प्रकार हैं:

  • पदक गोल आकार का एवं चांदी के रंग का होगा
  • अग्र भाग में साल वृक्ष का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा
  • पीछे के भाग में पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र होगा
  • पदक को रिबन के साथ धारण किया जाएगा

यह पदक वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर लगाया जाएगा और इसका वरीयता क्रम निम्नलिखित पदकों के पश्चात रहेगा:

  • अशोक चक्र
  • कीर्ति चक्र
  • वीरता पदक
  • राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक
  • राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक

प्रतीकों का अर्थ और संदेश

पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता, स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव तथा पुलिस बल की टीम भावना का प्रतीक है। वहीं साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, दीर्घायु, संरक्षण, प्राकृतिक संतुलन और मौन रहकर भी प्रभावशाली योगदान का संदेश देता है।

बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की भांति यह रजत जयंती पदक भी पुलिस बल के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मानित करेगा तथा छत्तीसगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बनेगा।