अबूझमाड़ अंचल सहित पूरे नारायणपुर जिले के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का यह दौरा विकास की नई रफ्तार लेकर आने वाला माना जा रहा है। मुख्यमंत्री 30 और 31 जनवरी को जिले के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे 361 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। सड़क, अधोसंरचना, जनसुविधा और सामाजिक विकास से जुड़े ये कार्य जिले के दूरस्थ और अति संवेदनशील इलाकों तक विकास की पहुँच को मजबूत करेंगे।
पद्मश्री विभूतियों और समाज प्रमुखों से संवाद
30 जनवरी को मुख्यमंत्री गढ़बेंगाल घोटूल जाकर पद्मश्री हेमचंद मांझी, पद्मश्री पंडीराम मंडावी, श्री बुटलुराम माटरा सहित अन्य समाज प्रमुखों से भेंट और संवाद करेंगे। यह मुलाकात आदिवासी संस्कृति, परंपराओं के सम्मान और सामाजिक सहभागिता को सशक्त करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री बस सेवा से कुरूषनार यात्रा
मुख्यमंत्री की विशेष पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री बस सेवा इस दौरे का प्रमुख आकर्षण रहेगी। मुख्यमंत्री इसी बस से यात्रा कर ग्राम कुरूषनार पहुँचेंगे। यहाँ वे पीडीएस दुकान का निरीक्षण, स्कूल में बच्चों से संवाद, महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को राशि का वितरण करेंगे।
View this post on Instagram
31 जनवरी को अबूझमाड़ में 5वॉं पीस हाफ मैराथन
31 जनवरी को सुबह 6 बजे मुख्यमंत्री अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के अंतर्गत जुंबा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 6:30 बजे मैराथन को फ्लैग-ऑफ करेंगे। मैराथन के पश्चात वे रामकृष्ण आश्रम पहुँचकर बच्चों के साथ नाश्ता करेंगे और फिर हाईस्कूल ग्राउंड हेलीपैड से रायपुर के लिए रवाना होंगे।
दशकों तक माओवादी हिंसा और भय के वातावरण में रहने वाले इस क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का सशक्त और जीवंत उदाहरण अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन 2026 के रूप में सामने आया है।
नारायणपुर से बासिंग तक आयोजित 21 किलोमीटर की यह हाफ मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि यह शांति, एकता और सौहार्द का व्यापक सामाजिक संदेश देने वाला अभियान है। इस आयोजन के माध्यम से उन इलाकों तक सकारात्मक संदेश पहुँचाया जा रहा है, जो लंबे समय तक विकास और सरकारी योजनाओं से वंचित रहे। इसमें अबूझमाड़िया जनजाति सहित स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन को और अधिक प्रभावशाली और सार्थक बना रही है।
31 जनवरी की सुबह यह आयोजन ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगा, जब माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ स्वयं अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन में शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत जुंबा गतिविधि से होगी, जिसके पश्चात प्रातः 6:30 बजे मुख्यमंत्री द्वारा मैराथन को फ्लैग-ऑफ किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री रामकृष्ण आश्रम पहुँचकर आश्रम के बच्चों के साथ नाश्ता करेंगे। मुख्यमंत्री की यह उपस्थिति स्पष्ट संदेश देती है कि राज्य सरकार अबूझमाड़ के सर्वांगीण विकास और स्थायी शांति स्थापना के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अबूझमाड़ पीस मैराथन 2026 को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सहभागिता प्राप्त हुई है। इस आयोजन के लिए 6500 से अधिक धावकों ने पंजीयन कराया है। इनमें
- 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय धावक
- अन्य राज्यों से 500 से अधिक धावक
- छत्तीसगढ़ राज्य से लगभग 6000 धावक
- नारायणपुर जिले से 4000 से अधिक धावक शामिल हैं।
- इसके अतिरिक्त क्वाड रन में 12 धावकों ने भी भागीदारी की है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का यह दौरा नारायणपुर जिले के लिए विकास कार्यों की सौगात, दूरस्थ इलाकों तक सरकारी योजनाओं की सीधी पहुँच और सांस्कृतिक-सामाजिक पहचान को मजबूती देने वाला साबित होगा। अबूझमाड़ जैसे अति दूरस्थ अंचल तक मुख्यमंत्री की उपस्थिति से जिले में विकास को लेकर नई उम्मीद और विश्वास जगा है।


