भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR श्रेणी से उन्नत कर 3C-ऑल वेदर ऑपरेशन (IFR) की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण निर्णय को छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हर्ष व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस स्वीकृति के बाद अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर सभी मौसमों में सुरक्षित विमान संचालन संभव हो सकेगा। इससे न केवल क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी, बल्कि यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और विश्वसनीय हवाई सेवाएँ भी उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा से बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। यह निर्णय राज्य में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसरों के सृजन में भी सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तीव्र गति से विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि बिलासपुर एयरपोर्ट ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई दिशा प्रदान करेगी तथा प्रदेश को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगी।


