मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में विकास कार्य स्थानीय जरूरतों और जन आकांक्षाओं के अनुरूप स्वीकृत किए जाएंगे, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ सीधे आमजन तक पहुँच सके। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित योजनाओं और निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए समयबद्ध पूर्णता पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की प्रथम बैठक जिला मुख्यालय दुर्ग स्थित लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत प्रमुख विकास कार्यों, निर्माणाधीन योजनाओं, प्रावधानित बजट और नवीन स्वीकृत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
स्वीकृत बजट के पूर्ण उपयोग के निर्देश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत बजट का समय पर और पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सतत निगरानी आवश्यक है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।
जिला कलेक्टरों को विशेष दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिले में स्वीकृत विकास कार्यों, सेवाओं और कार्यक्रमों का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जाए। अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
लंबित कार्यों को दो माह में पूरा करने के निर्देश
बैठक में वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक स्वीकृत निर्माण एवं विकास कार्यों की जिलेवार समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अप्रारंभ या प्रगतिरत कार्यों को चिन्हित करते हुए उन्हें दो माह की समय-सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कलेक्टरों से प्रत्यक्ष संवाद कर अद्यतन स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
प्राधिकरण का उद्देश्य ग्रामीण विकास में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत 35 विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं का विस्तार, सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रोत्साहन, शैक्षणिक सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रावासों के विकास पर भी विशेष चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक विधायकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


