उन्नत जनपद पंचायत की दिशा में बड़ा कदम: 5 राज्यों के सीईओ-बीडीओ का राष्ट्रीय प्रशिक्षण रायपुर में संपन्न

Feature-image-GKChhattisgarh-1

छत्तीसगढ़ में समग्र और सतत ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत उन्नत जनपद पंचायतों की स्थापना के उद्देश्य से पांच राज्यों के सीईओ एवं बीडीओ का छः दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास संस्थान एवं ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (NIRDPR) के संयुक्त तत्वावधान में 27 जनवरी से 01 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया।

5 राज्यों के 26 अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण में भाग

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्थान, ओडिशा, गुजरात, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ से आए कुल 26 अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नेतृत्व के माध्यम से समृद्ध विकासखंडों का निर्माण करते हुए ग्रामीण विकास योजनाओं में पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करना रहा।

ग्रामीण विकास के प्रमुख विषयों पर मिला सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण

कार्यक्रम का शुभारंभ ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान के संयुक्त संचालक श्री सी. सोम मिश्र द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को निम्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया—

  • ग्रामीण विकास कार्यक्रमों का संस्थागत ढांचा
  • नेतृत्व विकास एवं सहभागितामूलक योजना निर्माण
  • पंचायत राज अधिनियम एवं पेसा अधिनियम
  • सतत विकास लक्ष्य (SDGs)
  • ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP)
  • विकासखंड एवं जिला विकास योजना
  • राजस्व प्रशासन, आजीविका संवर्धन एवं वित्तीय समावेशन

अभनपुर जनपद पंचायत में हुआ क्षेत्रीय अध्ययन भ्रमण

प्रशिक्षण के अंतर्गत जिला रायपुर के जनपद पंचायत अभनपुर में विकासखंड विकास योजना पर आधारित एक दिवसीय क्षेत्रीय अध्ययन भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने—

  • स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों से संवाद
  • जमीनी स्तर की वास्तविकताओं का अवलोकन
  • स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भ्रमण
  • अनुसूचित क्षेत्रों, आदिवासी संस्कृति एवं पेसा के क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष अध्ययन किया।

समूह प्रस्तुतियों के साथ हुआ प्रशिक्षण का समापन

प्रशिक्षण के पांचवें दिवस प्रतिभागियों द्वारा अपने अनुभवों के आधार पर विकासखंड विकास योजना पर आधारित राज्यवार समूह प्रस्तुतियाँ दी गईं। टीएमपी पोर्टल पर फीडबैक प्रस्तुत करने के पश्चात प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया गया।

सतत ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

कार्यक्रम के सफल संचालन में ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान एवं राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान के संकाय सदस्यों, विशेषज्ञों एवं सहयोगी अधिकारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम समावेशी, परिणामोन्मुखी एवं सतत ग्रामीण विकास की दिशा में एक सशक्त और प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।