छत्तीसगढ़ में पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के माध्यम से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में पहुंचकर स्वयं साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद लिया और चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने 10 रुपये का प्रवेश टिकट कटाकर नेचर कैंप में प्रवेश किया, जिससे उन्होंने आम नागरिकों को नियमों के पालन, पारदर्शिता और समानता का सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विधायक श्रीमती गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप में विकसित अधोसंरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति आधारित पर्यटन और साहसिक गतिविधियां न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित करती हैं।
चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री साय ने नेचर कैंप में स्पोर्ट्स मोटर बाइक (ATV) स्वयं चलाकर साहसिक पर्यटन का अनुभव लिया। इसके साथ ही उन्होंने बैलून शूटिंग, आर्चरी शूटिंग, और माउंटेन साइक्लिंग का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देते हुए स्वयं साइकिल भी चलाई। इसके अतिरिक्त नेचर कैंप में वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का उद्घाटन भी किया गया।
वॉल क्लाइंबर तेज सिंह और तेजल भगत ने मुख्यमंत्री के समक्ष वॉल क्लाइंबिंग कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना की। मुख्यमंत्री बॉक्स क्रिकेट खेलते हुए भी नजर आए और आकर्षक शॉट्स लगाए।
मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का भी अवलोकन किया, जहां विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस लगाए गए हैं। वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार ने कैक्टस के औषधीय महत्व की जानकारी दी।
यह पहल छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास, युवाओं के स्वरोजगार और एडवेंचर टूरिज्म को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।


